पटना , मार्च 19 -- अब दर्शक घर बैठे संजय गांधी जैविक उद्यान की सैर कर सकेंगे।

पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग शुक्रवार को विश्व गौरैया दिवस के मौके पर ऐप एवं वेबसाइट लांच करने जा रहा है, जिससे पेड़, पौधे एवं जानवरों से लगाव रखने वाले लोग घर बैठे वेबसाइट या ऐप की मदद से पटना जू से जुड़ी तमाम नवीनतम जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे।

संजय गांधी जैविक उद्यान के निदेशक हेमंत पाटिल ने बताया कि हर साल 20 मार्च को विश्व गौरैया दिवस के रूप में पटना जू में खास आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस बार विभाग की तरफ से जू के वेबसाइट एवं ऐप का विमोचन किया जायेगा। साथ ही गौरैया पक्षी की विशेषताओं की जानकारी दी जायेगी।

निदेशक पाटिल ने बताया कि गौरैया दिवस के मौके पर बच्चों के बीच प्री-घोसला का वितरण किया जायेगा, जिससे बच्चे अपने-अपने घरों में जाकर छोटे-छोट पक्षियों के लिए घोसला लगा सकें। उन्होंने कहा कि पटना जू प्रशासन की तरफ से इसकी तैयारी की कई दिनों से की जा रही थी। इसके संदर्भ में सरकारी एवं निजी स्कूलों में 12 मार्च से पेंटिंग एवं निबंधन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा था। पटना जू के 3डी थियेटर में 11:30 बजे कार्यक्रम को शुरू किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित