मुंबई , दिसंबर 08 -- जानेमाने अभिनेता गौरव खन्ना रियलिटी शो बिग बॉस 19 के विजेता बन गये हैं।

सलमान खान के होस्टिंग वाले शो बिग बॉस 19 का ग्रैंड फिनाले रविवार की रात संपन्न हुआ। गौरव खन्ना बिग बॉस 19 के विजेता बन गये हैं, जबकि फरहाना भट्ट रनर-अप रहीं, वहीं, प्रणीत मोरे तीसरे स्थान पर रहे।गौरव खन्ना को बिग बॉस की ट्रॉफी के साथ 50 लाख रुपये की धनराशि ईनाम में मिली है। गौरव ने 'सेलिब्रिटी मास्टरशेफ इंडिया सीजन 1' भी जीता है।

बिग बॉस 19 में विजेता बने बाद गौरव खन्ना ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। गौरव खन्ना ने बिग बॉस 19 की विनिंग ट्रॉफी के साथ तस्वीर शेयर की। उन्होने कैप्शन में लिखा है, "तीन महीने का सफर आखिरकार समाप्त हो गया है. और यह कैसा अंत रहा है। ट्रॉफी घर आ गई है। वे पूछते रहे, "जीके क्या करेंगे?" और जैसा कि हमने हमेशा कहा कि जीके हम सभी के लिए ट्रॉफी घर लाएंगे। उन्होंने ऐसा किया। यह सफर सबसे खूबसूरत तरीके से जबरदस्त रहा है। हमने गौरव के साथ हर एक दिन, हर ऊंचाई, हर रुकावट, ताकत और गरिमा के हर पल को जिया है। और आज, यह जीत व्यक्तिगत लग रही है।" "यह हर उस इंसान की जीत है जिसने उस पर विश्वास किया, जिसने वोट दिया, जो उसके साथ खड़ा रहा, जिसने उसके सपने को अपना बनाया। आज, हम सिर्फ़ एक ट्रॉफी का जश्न नहीं मना रहे हैं। हम विश्वास, प्यार और साथ का जश्न मना रहे हैं। हम साथ मिलकर जीत रहे हैं। दिल की गहराइयों से शुक्रिया। प्यार के साथ साइन ऑफ करते हुए -टीम गौरव खन्ना।"'बिग बॉस 19' के फिनाले में कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे भी पहुंचे। वे यहां अपनी आगामी फिल्म 'तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी' के प्रमोशन के लिए पहुंचे। भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार पवन सिंह भी फिनाले में शामिल हुए। सनी लियोनी और करण कुंद्रा भी फिनाले में शामिल हुए। वे अपने शो स्प्लिट्सविला के नए सीजन को प्रमोट करने आए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित