भागलपुर, फरवरी 22 -- देश के जानेमाने उद्योगपति एवं अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने रविवार को जिले के पीरपैंती में समूह के निर्माणाधीन सुपर क्रिटिकल विधुत परियोजना का स्थल- निरीक्षण किया।
आधिकारिक सूत्रों ने अनुसार श्री अडाणी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत एकदिवसीय दौरे पर पीरपैंती पहुंचे और कोयला आधारित 2400 मेगावाट क्षमता वाले इस विधुत परियोजना में चल रहे चहारदीवारी के निर्माण, जमीन समतलीकरण आदि कार्यों का जायजा लिया।
सूत्रों ने बताया कि इस दौरान श्री अडाणी ने परियोजना के अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्य के प्रगति की अधतन जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। इसके पहले उन्होंने परियोजना के समतलीकरण किये गए जमीन पर वृक्षारोपण किया।
सूत्रों ने बताया कि अडाणी समूह के चेयरमैन ने कुछ स्थानीय मुद्दों पर जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी के साथ बातचीत भी की और इस परियोजना के निर्माण कार्य में जिला प्रशासन से मिल रहे सहयोग के लिए साधुवाद दिया। इस दौरान पीरपैंती के विधायक मुरारी पासवान ने श्री अडाणी से मिलकर एक ज्ञापन सौंपा।
उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों के अनुसार समूह के चेयरमैन के इस दौरे को बिहार में विकास कार्यों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पीरपैंती में अदाणी समूह के इस विधुत परियोजना में निर्माण कार्य सितंबर, 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथो ऑनलाइन शिलान्यास के बाद शुरू हुआ था। पिछले कई दशक में किसी भी औद्योगिक समूह का बिहार में किया गया यह सबसे बड़ा निवेश है।
अडाणी समूह की यह परियोजना पीरपैंती प्रखंड के सिरमतपुर व आसपास की करीब 479 हेक्टेयर भूमि पर बनाई जा रही है। यह अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल प्लांट 2400 मेगावाट उत्पादन क्षमता का होगा। इस इलाके में उत्तर में गंगा, दक्षिण में नेशनल हाईवे और पास ही में स्थित पीरपैंती रेलवे स्टेशन लॉजिस्टिक दृष्टि से इस स्थान को काफी सुविधाजनक बनाता है। इस प्लांट के निर्माण के दौरान 10 से 12 हजार लोगों को और शुरू होने के बाद लगभग 3000 लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
इस परियोजना पर अदाणी की तरफ से 30 हजार करोड़ रुपए का निवेश किया गया है। परियोजना को पांच वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य है। फिलहाल चहारदीवारी और भूमि समतलीकरण जारी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह मेगा प्रोजेक्ट बिहार की बिजली जरूरतों को मजबूती देगा, क्षेत्रीय रोजगार, औद्योगिक तरक्की और बुनियादी ढांचे को नई रफ्तार देगा। श्री अदाणी उद्योग जगत की बड़ी हस्ती हैं और उनका यह दौरा केवल निरीक्षण नहीं, बल्कि राज्य में भरोसे और निवेश का सकारात्मक संदेश भी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित