गौतमबुद्धनगर , अप्रैल 04 -- उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रदेशव्यापी 'स्कूल चलो अभियान' का भव्य शुभारंभ आज किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी के कंपोजिट विद्यालय शिवपुर, वरुणापार जोन से कार्यक्रम की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक बच्चों के नामांकन सुनिश्चित करने और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।

इसी क्रम में शनिवार को उत्तर प्रदेश के जिला गौतमबुद्धनगर क्षेत्र ग्रेटर नोएडा सूरजपुर स्थित विकास भवन सभागार में भी 'स्कूल चलो अभियान' का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में विधायक तेजपाल नागर एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने बच्चों और अभिभावकों को संबोधित किया। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री के वाराणसी से लाइव कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।

कार्यक्रम में विधायक तेजपाल नागर ने अपने संबोधन में कहा, "शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और इस अभियान का उद्देश्य जन-जन तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है। सभी अभिभावकों को अपने बच्चों का नामांकन विद्यालयों में अवश्य कराना चाहिए, जिससे वे भविष्य में आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकें।" उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने कहा, "जिला प्रशासन शिक्षा की गुणवत्ता और पहुंच को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अभियान के माध्यम से प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए इस अभियान को सफल बनाना होगा।" उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल नामांकन में वृद्धि ही नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा भी सुनिश्चित की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित