अलवर , मई 07 -- राजस्थान में अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना परिसर में पथराव करने के मामले में पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों सहित 28 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि साथ ही घटना में उपयोग की गई सात मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं। मामले के बाद पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और फिलहाल कस्बे में शांति बनी हुई है।
पुलिस ने बताया कि बुधवार को रात करीब 11 बजे पुलिस ने एक बुलेट मोटरसाइकिल चालक को नियमों के उल्लंघन पर रोका था। मोटर साइकिल चालक अजित सिंह को मोटरसाइकिल को नियमानुसार जब्त करके थाने लाया गया। इसी दौरान अजित सिंह ने अपने परिजनों और परिचितों को बुला लिया। इसके बाद करीब 11 बजे 50-60 लोगों की भीड़ थाने पहुंची और जब्त मोटर साइकिल छुड़ाने को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और थाने पर पथराव कर दिया। इस दौरान थाने के पुलिस निरीक्षक सहित कई पुलिसकर्मियों को चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सहित कई थानों की पुलिस और विशेष दलों ने रातभर दबिश देकर आरोपियों की तलाश की। पुलिस ने मामले में राजकार्य में बाधा, पथराव, मारपीट और शांति भंग सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने बताया कि सुखविंदर सिंह, बिक्रम सिंह, रौनकी सिंह और अर्जुन सिंह को गिरफ्तार किया गया है। ये मुख्य आरोपी हैं। अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। घटना के बाद गोविंदगढ़ कस्बे में शांति समिति की बैठक आयोजित करके लोगों से शांति बनाए रखने का आग्रह किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित