नयी दिल्ली , फरवरी 25 -- सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार 27 फरवरी को गोवा में आयोजित नशा मुक्त भारत अभियान युवा रैली में शामिल होंगे।

मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार नशा मुक्त भारत अभियान के छठे वर्ष के उपलक्ष्य में मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरूद्ध गोवा सरकार के सहयोग से इस युवा रैली का आयोजन किया जाएगा। नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत शुक्रवार 27 फरवरी को सुबह 9:00 बजे गोवा के बंबोलिम में श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में भव्य जनसभा का आयोजन होगा।

इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा गया है कि इसमें 3000 से अधिक युवा और सामान्य जन शमिल होंगे। इसमें मुख्यमंत्री सावंत और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, गोवा सरकार के समाज कल्याण मंत्री सुभाष फल देसाई ,वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित होंगे।

कार्यक्रम के दौरान नशीली दवाओं के दुरुपयोग के विरूद्ध युवाओं की सभा के साथ साथ ऑनलाइन और सीधे सम्पर्क- दोनों माध्यमों से मादक पदार्थों के विरुद्ध सामूहिक शपथ दिलायी जाएगी। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रस्तुतियों का आयोजन , प्रतिभागियों और भागीदारों का अभिनंदन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित