नयी दिल्ली , दिसंबर 11 -- गोवा नाइट क्लब आग हादसे के कुछ ही घंटों बाद भारत से फरार हुए नाइट क्लब के मालिक गौरव और सौरभ लूथरा को थाईलैंड के फुकेट में हिरासत में ले लिया गया है। उन्हें जल्दी ही भारत वापस लाया जाएगा।

विदेश मंत्रालय द्वारा उनके पासपोर्ट सस्पेंड किए जाने के 24 घंटे से भी कम समय बाद उनकी गिरफ्तारी हुई है । पासपोट सस्पेंड होने के बाद उनकी अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर रोक लग गई थी और उन्हें भारत वापस लाने की भारत की कोशिशें तेज हो गयी हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों भाई आग लगने के कुछ ही घंटों के बाद भारत से भाग गए थे। यह आग 6 दिसंबर की सुबह उनके अरपोरा नाइटक्लब में लगी थी, जिससे सुरक्षा नियमों के पालन पर गंभीर सवाल उठे थे। जांच में कई अनियमितताएं सामने आईं, जिनमें अनिवार्य फायर सेफ्टी, अनापत्ति प्रमाण पत्र की कमी, भीड़भाड़ और संकरे निकास गेट शामिल थे, जिनसे लोगों को बाहर निकालने में दिक्कत हुई।

विदेश मंत्रालय के आग्रह के बाद उनके ठिकाने का पता लगाने और उन्हें दूसरे देश में जाने से रोकने के लिए इंटरपोल ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया । गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों भाइयों ने दिल्ली उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दी थी। न्यायालय ने बुधवार को लूथरा भाइयों को कोई राहत नहीं दी और उन्हें तुरंत कोई भी अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया और मामले को गुरुवार के लिए टाल दिया था। इस बीच गोवा पुलिस ने चल रही जांच के तहत सह-मालिक अजय गुप्ता को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इस मामले में और मैनेजर और प्रमुख संचालक सहित कई स्टाफ सदस्य पहले से ही गिरफ्तार हैं। विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने पुष्टि की कि पासपोर्ट सस्पेंशन पासपोर्ट अधिनियम, 1967 की धारा 10ए के तहत किया गया था, जो न केवल यात्रा को अमान्य करता है बल्कि भारत सरकार को थाईलैंड अधिकारियों के साथ उनके वापस भेजने की कार्यवाही शुरू करने में भी सक्षम बनाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित