मथुरा , फरवरी 3 -- मथुरा में गोवर्धन के सोन मंडल अंतर्गत पाली डूंगरा स्थित महाराजा कॉलेज में मंगलवार को विराट हिंदू सम्मेलन भव्य और सुव्यवस्थित रूप से आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह-सरकार्यवाह आलोक जी ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए संघ द्वारा प्रतिपादित 'पाँच परिवर्तन' पर प्रकाश डाला और कहा कि अनुशासन, संगठन व राष्ट्रभाव से युक्त जीवन ही सशक्त समाज और राष्ट्र की आधारशिला है।
मुख्य अतिथि देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज ने हिंदू समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए संगठित प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने ब्रजभूमि में श्रीकृष्ण जन्मभूमि के संदर्भ में समाज से एकजुट रहने का आह्वान किया। साध्वी सरस्वती जी ने संघ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अनुशासित संगठन शक्ति ही समाज को सुरक्षित और सशक्त बनाती है।
मंच से कीर्ति शर्मा ने 'कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, नागरिक अनुशासन, स्वदेशी और राष्ट्रनिष्ठा' को जीवन में उतारने की आवश्यकता बताई। अध्यक्ष करनाल स्वरूप सिंह कुंतल ने कार्यक्रम को नई दिशा देने वाला बताया और सभी अतिथियों व कार्यकर्ताओं का आभार जताया। सम्मेलन में अनेक प्रमुख जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे तथा अंत में आरती के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित