मोहाली , फरवरी 04 -- पंजाब में मोहाली जिला प्रशासनिक परिसर के बाहर 23 जनवरी को हुए सनसनीखेज गुरविंदर सिंह हत्याकांड में एस.ए.एस. नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी. हरमनदीप सिंह हंस ने बुधवार को कहा कि इस हत्याकांड की साजिश विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ ने अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, 23 जनवरी को गुरविंदर सिंह अपनी पत्नी अमरदीप कौर के साथ मोहाली कोर्ट में पेशी के लिए पहुंचे थे। दोपहर करीब 3 बजे जब वे पेशी के बाद अपनी कार की ओर जा रहे थे, तभी दो व्यक्ति काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिलों पर सवार हो कर आये हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उनकी हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपी सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए पास ही खड़ी एक सफेद होंडा अमेज कार के पास पहुंचे, मोटरसाइकिल वहीं छोड़ी, कपड़े बदले और कार में सवार होकर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में बलतेज सिंह उर्फ बंटी (निवासी फरीदकोट) शामिल है, जिसे 2 फरवरी को पकड़ा गया। वह फरारी में इस्तेमाल की गई होंडा अमेज कार का चालक था। वहीं, मंगत सिंह उर्फ मैक्स (निवासी फाजिल्का) को 3 फरवरी को गिरफ्तार किया गया, जिसने शूटरों को पल्सर मोटरसाइकिल और कार उपलब्ध कराई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित