भिण्ड , दिसंबर 16 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत कीरतपुरा गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। मृतक के सीने में गोली लगी है। पुलिस मामले को आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं से जोड़कर जांच कर रही है।
मृतक की पहचान रविकेश तोमर (23) निवासी कीरतपुरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रविकेश ने घटना से कुछ समय पहले अपने दोस्त शिवम को फोन कर रोते हुए आत्महत्या करने की बात कही थी। घबराए दोस्त ने तुरंत इसकी सूचना रविकेश के चाचा शिवजतन सिंह तोमर को दी। इसी बीच रात करीब एक बजे घर के पिछवाड़े बने प्लॉट से गोली चलने की आवाज आई। परिजन मौके पर पहुंचे तो रविकेश मृत अवस्था में पड़ा मिला।
बताया गया है कि रविकेश के माता-पिता का पांच वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। वह घर पर अपनी भाभी किरण के साथ रहता था, जबकि उसका बड़ा भाई हरिकेश हैदराबाद में निजी नौकरी करता है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोली 315 बोर के अवैध हथियार से चलाई गई, जो सीने में फंसी हुई मिली।
पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला फिलहाल उलझा हुआ है। रविकेश ने आत्महत्या की या उसकी हत्या हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा। साथ ही अवैध हथियार कहां से आया, इसकी भी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित