गोरखपुर , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साइबर ठगी गिरोह के सदस्य और गैंगस्टर एक्ट के वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि कोतवाली थाना पुलिस ने सरकारी योजनाओं का प्रलोभन देकर लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाने और उन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी में करने वाले गिरोह के एक वांछित सदस्य रवि सिंह उर्फ रामदास को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 15 अप्रैल 2026 को दर्ज शिकायत में बताया गया था कि पीड़ित के बेटे से बैंक खाता खुलवाकर उसका एटीएम कार्ड और चेकबुक ले लिया गया था। बाद में उसी खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि मंगाने और निकालने में किया गया। जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य लोगों को सरकारी योजनाओं का लालच देकर म्यूल खाते खुलवाते थे और उनकी बैंकिंग जानकारी अन्य आरोपियों तक पहुंचाते थे। यह नेटवर्क टेलीग्राम समेत अन्य डिजिटल माध्यमों से संचालित किया जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में पूर्व में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार रवि सिंह का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है और उससे पूछताछ जारी है। एक अन्य कार्रवाई में खोराबार थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त देवेन्द्र कुमार रावत उर्फ सोनू रावत को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी किए गए वाहनों की पहचान बदलने के लिए उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उन्हें बेचने का काम करता था।
इस संबंध में थाना खोराबार में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले से भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है और संगठित अपराध से जुड़ा हुआ था। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित