लखनऊ , फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण के लिए इंडियन ऑयल कारपाेरेशन लि (आईओसीएल)) 60 करोड़ रुपये की मदद प्रदान करेगा। इस संबंध में गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में उत्तर प्रदेश सरकार और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्टेडियम केवल एक खेल परिसर नहीं, बल्कि पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस स्टेडियम से क्षेत्र में खेल पर्यटन, निवेश और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने सीएसआर के माध्यम से सहयोग के लिए इंडियन ऑयल का आभार व्यक्त करते हुए सार्वजनिक-निजी सहभागिता मॉडल को राज्य के समग्र विकास में महत्वपूर्ण बताया।

करीब 392.94 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस स्टेडियम में 30,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी और इसे पूर्णत: अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इसमें अत्याधुनिक पिच, प्रैक्टिस एरिया, फ्लडलाइट्स, आधुनिक ड्रेसिंग रूम, मीडिया सेंटर और हाई-एंड स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर की व्यवस्था होगी। परियोजना को दिसंबर 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वाराणसी में भी एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम निर्माणाधीन है, जिसे जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए 'खेलो इंडिया' और 'फिट इंडिया मूवमेंट' जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है। राज्य सरकार ने बजट में प्रत्येक मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित करने का प्रावधान किया है, जबकि मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण तेजी से प्रगति पर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित