चेन्नई , दिसंबर 23 -- तमिलनाडु में 2026 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य में अपनी चुनावी तैयारी तेज कर दी हैं और इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ नेता पीयूष गोयल ने मंगलवार को राज्य भाजपा नेताओं के साथ बैठक की। उन्होंने इसके बाद गठबंधन नेता और अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी से भी मुलाकात कर सीट साझा करने पर चर्चा की।
भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दल ने हाल ही में बिहार विधानसभा चुनावों में जीत हासिल की है और राज्य में भी मजबूत गठबंधन बनाकर ऐसी ही कामयाबी दोहराना चाहते हैं।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, श्री गोयल ने केंद्रीय समिति और कोर समिति के सदस्यों के साथ करीब दो घंटे चुनाव तैयारियों और चुनावी रणनीतियों पर चर्चा की। इसके साथ ही राज्य में अन्नाद्रमुक की अगुवाई में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को मजबूत करने के उपायों पर भी चर्चा की। इसके बाद वह शहर के एक होटल में वे श्री पलानीस्वामी से मिले।
श्री गोयल से मिलने से पहले श्री पलानीस्वामी ने अन्नाद्रमुक के वरिष्ठ नेताओं जैसे पूर्व मंत्री के पी मुनुस्वामी, एस पी वेलुमनी, पी थंगमानी आदि के साथ आगामी चुनाव और भाजपा के साथ चर्चा के विषयों पर बातचीत की थी। बैठक के दौरान श्री गोयल और श्री पलानीस्वामी ने सीट बंटवारे पर चर्चा की और समान विचारधारा वाली पार्टियों को राजग में शामिल कर गठबंधन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। बैठक का एक अन्य विषय आगामी चुनावों में भाजपा के लिए प्रस्तावित निर्वाचन क्षेत्र भी रहा।
यह बैठक इस पृष्ठभूमि में हुई, जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधान परिषद में पार्टी के नेता नैनार नागेंद्रन ने नयी दिल्ली की अपनी हालिया यात्रा में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी और रिपोर्टों के मुताबिक चुनाव लड़ने के लिए चिह्नित राज्य की 60 सीटों की सूची सौंपी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित