रायगढ़ , मार्च 10 -- छत्तीसगढ में रायगढ़ शहर के व्यस्त गोपी टॉकीज क्षेत्र में स्थित एक मोबाइल दुकान में सोमवार देर रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर ने "सेल स्पॉट मोबाइल" नामक दुकान में घुसकर करीब 14 से 15 लाख रुपये कीमत के 17 महंगे आईफोन और करीब 30 हजार रुपये नकद पार कर दिए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, रोज की तरह सुबह जब दुकान का स्टाफ दुकान खोलने पहुंचा तो अंदर का सामान पूरी तरह बिखरा हुआ मिला और कई मोबाइल फोन गायब थे। इसकी सूचना तुरंत दुकान संचालक को दी गई। मौके पर पहुंचकर संचालक ने स्थिति का जायजा लिया और अकाउंटेंट को बुलाकर स्टॉक की जांच कराई। जांच में पता चला कि दुकान से आईफोन के करीब 17 महंगे मॉडल चोरी हो चुके हैं।

सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि चोर पीछे की ओर से सीढ़ी लगाकर दुकान में घुसा था। उसने बगल की बिल्डिंग की ओर से रास्ता बनाकर पहले ताला तोड़ा और फिर अंदर प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। फुटेज में यह भी दिख रहा है कि चोर काफी देर तक दुकान के अंदर रहा और आराम से मोबाइल फोन चुन-चुनकर अपने साथ ले गया।

दुकान संचालक के अनुसार, चोर गल्ले में रखे लगभग 30 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गया। फुटेज में यह भी देखा गया कि चोरी के दौरान चोर फोन पर लगातार किसी से बात कर रहा था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसे बाहर से कोई व्यक्ति मोबाइल की जानकारी दे रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित