जांजगीर-चांपा , मार्च 21 -- छतीसगढ के जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा नगर पालिका क्षेत्र में स्थित गोपिया तालाब को लेकर विवाद गहरा गया है। नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) की शिकायत पर अध्यक्ष दीप्ति रोहित सारथी और एक पार्षद रूखमणि के खिलाफ शनिवारको थाने में मामला दर्ज किया गया है।

आरोप है कि बिना प्रशासनिक अनुमति और परिषद की स्वीकृति के तालाब का पानी निकालने की कार्रवाई की गई।

सीएमओ के अनुसार, वर्तमान में भीषण गर्मी के चलते जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है, इसके बावजूद कथित रूप से जेसीबी मशीन की मदद से तालाब को तोड़कर पानी बहाया जा रहा था। इस दौरान स्थानीय वार्डवासियों और कुछ पार्षदों ने मौके पर पहुंचकर आपत्ति जताई और कार्य रुकवाने का प्रयास भी किया।

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि इस तरह तालाब खाली होने से क्षेत्र का जलस्तर प्रभावित हो सकता है, जिससे नलजल आपूर्ति बाधित होने के साथ ही दैनिक उपयोग के पानी की समस्या भी खड़ी हो सकती है।

सीएमओ ने यह भी बताया कि पहले समझा बूझाा कर इस कार्य को रोका गया था लेकिन दोबारा वही कार्रवाई किए जाने पर मजबूरन पुलिस में शिकायत दर्ज करानी पड़ी।

मामले में संबंधित थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की तथ्यों के आधार पर जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित