गोपालगंज, 22जनवरी (वार्ता)बिहार में गोपालगंज जिले के उच्चकागांव थाना के नवादा परसौनी गांव के चंवर से गुरुवार को एक 19 वर्षीय अविवाहित युवती का शव पुलिस ने फंदे से लटका हुआ बरामद किया है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि नवादा परसौनी गांव के शेख शहाबुद्दीन की 19 वर्षीय पुत्री शमशीदा उर्फ सरला बुधवार की देर शाम घर से अचानक गायब हो गई थी, जिसके बाद स्वजन पड़ोस में जाने की आशंका को देखते हुए उसका इंतजार करे रहे। लडकी के आने में विलंब होने के बाद स्वजन उसकी खोज में निकले, लेकिन कुछ पता नही चला। इसके बाद गुरुवार की सुबह गांव के चंवर में एक शीशम के पेड़ पर युवती का लटका हुआ शव मिला।
इस घटना की सूचना ग्रामीणों ने उचकागांव पुलिस को दी। सूचना मिलने पर हथुआ के सब डीविजिनल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ), आनंद मोहन गुप्ता, थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार, दरोगा रिंकी कुमारी व मंकेश्वर महतो ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर लोगों से पूछ-ताछ शुरू कर दी। पुलिस ने युवती के कपड़े से एक मोबाइल भी बरामद किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पूछताछ के क्रम में युवती के पिता व स्थानीय ग्रामीणों ने एसडीपीओ और थानाध्यक्ष को बताया कि युवती मानसिक रूप से विक्षिप्त थी, जिसके कारण वह हमेशा अपनी जान देने की बात करती रहती थी।
इस मामले में अभी तक थाने में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस घटना स्थल से मिले साक्ष्य के आधार पर युवती की हत्या या आत्महत्या से संबंधित जांच-पड़ताल कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित