गोपालगंज , जनवरी 22 -- बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) से चयनित शिक्षकों की ओर से गठित बीपीएससी अध्यापक संघ की जिला इकाई का औपचारिक गठन गुरुवार को किया गया और संघ की प्रदेश अध्यक्ष बबीता चौरसिया ने जिला इकाई के मनोनीत पदाधिकारियों की सूची जारी की।
जारी सूची के अनुसार इंद्रजीत कुमार शंकर को जिला अध्यक्ष, राहुल कुमार तिवारी को कोषाध्यक्ष और विजय राय को मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया है। वहीं डॉ राजकिशोर प्रसाद को अनुमंडल अध्यक्ष, इंद्रजीत कुमार कुशवाहा को अनुमंडल सचिव और राकेश यादव, डॉ अखिलेश कुमार, प्रकाश जयंत और बृजेश कुमार को उपाध्यक्ष बनाया गया है।
उल्लेखनीय है कि बीते रविवार को आयोजित बैठक में संघ की प्रदेश अध्यक्ष बबीता चौरसिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई थीं। बैठक में बीपीएससी द्वारा चयनित प्रधानाध्यापक, प्रधान शिक्षक के साथ- साथ टीआरई-1, टीआरई-2 और टीआरई-3 के शिक्षक उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि संघ का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को पे- लेवल के अनुरूप पूर्ण वेतनमान और पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिलाना है। इन मांगों को लेकर संघ सरकार से निरंतर संवाद और संघर्ष करेगा।
कार्यक्रम में विवेकानंद प्रसाद, नीरज यादव, त्रिभुवन सिंह, जितेंद्र कुमार, रवि कुमार वर्मा, सुशील कुमार कामत, दिवेश कुमार भंडारी, राजन कुमार, विक्की कुमार, सुनीता कुमार, अजीत कुमार गुप्ता, नीरज कुमार पटेल समेत बड़ी संख्या में शिक्षक और शिक्षिकायें मौजूद रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित