गोपालगंज,01अप्रैल(वार्ता)बिहार के गोपालगंज जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पवन कुमार सिंहा के निर्देश पर वरीय उपसमाहर्ता (एसडीसी) अजय कुमार ने मांझा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का बुधवार को औचक निरीक्षण किया।

एसडीसी श्री कुमार ने माँझा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निरीक्षण के दौरान अस्पताल की कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं जनहितैषी बनाने पर बल दिया। उन्होंने पंजीकरण काउंटर से लेकर ओपीडी, प्रसव कक्ष और दवा वितरण केंद्र तक का गहन अवलोकन किया और ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति की जांच की। प्रशासन की इस अचानक पहल से अस्पताल परिसर में काम करने वालों की सजगता में वृद्धि हुई है।

श्री कुमार ने इस निरीक्षण के दौरान सीधे तौर पर मरीजों और उनके परिजनों से आत्मीय संवाद किया, जिससे अस्पताल की जमीनी हकीकत और इलाज की गुणवत्ता की वास्तविक जानकारी प्राप्त हो सके। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को स्पष्ट संदेश दिया कि सेवा भाव ही उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए और मरीजों को समय पर समुचित उपचार उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित