गोपालगंज, 06अप्रैल (वार्ता)बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया थाना के नशे में धुत एक व्यक्ति ने पुत्री की हत्या कर दी।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि गौरा गांव निवासी जनार्दन कमकर रविवार की रात नशे की हालत में घर पहुंचा। इसके बाद उसने पंखे से पुत्री मोनिका कुमारी (22) पर पंखा से हमला कर दिया। इस घटना में मोनिका की मौत हो गयी। वह बीए की छात्रा थी और घर पर रहकर पढ़ाई कर रही थी। घटना के बाद जनार्दन ने खुद को बचाने और लोगों को गुमराह करने के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया और दवा लाने की बात कहने लगा। हालांकि, घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना पंखा, शर्ट एवं पैंट बरामद किया है। विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम भी घटना स्थल पर पहुंचकर घटना से मिले साक्ष्यों को जांच के लिए ले गई।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

हथुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि मामले में आरोपित पिता को गिरफ्तार किया गया है।पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है।सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है।उन्होंने कहा कि आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सूत्रों ने बताया कि आरोपित जर्नादन का आपराधिक और हिंसक व्यवहार पहले से ही रहा है। करीब आठ वर्ष पूर्व उसने अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इलाज के लिए ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित