गोपालगंज , जनवरी 20 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को कहा कि गोपालगंज जिले में खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जायेगी।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज गोपालगंज जिले के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बरौली में समृद्धि यात्रा के तहत आयोजित जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि गोपालगंज जिले में विकास के सभी काम करा दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की गयी है। महिला आई.टी.आई एवं सभी अनुमंडलों में आई.टी.आई की स्थापना की गयी है। उन्होंने कहा कि जी.एन.एम संस्थान एवं पारा मेडिकल संस्थान की स्थापना की गयी है। मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण कराया गया है। कर्पूरी ठाकुर छात्रावास तथा तीन आवासीय विद्यालयों का निर्माण कराया गया है।

श्री कुमार ने बताया कि गोपालगंज जिले में कई पुलों एवं पथों का निर्माण कराया गया है, जिसमें गोपालगंज तथा नौतन के बीच गंडक नदी पर बड़े पुल का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि सत्तर घाट पुल एवं पथ का निर्माण कराया गया है। मीरगंज-भोरे पथ एवं अन्य पथों का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। गोपालगंज जिले में बाढ़ से सुरक्षा के लिये तटबंध निर्माण एवं सिंचाई सुविधाओं का विकास कराया गया है जिसमें कटाव निरोधक कार्य कराया गया है। पश्चिमी गंडक नहर प्रणाली का जीर्णोद्धार कराया गया है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि वर्ष 2024 के दिसम्बर एवं 2025 के जनवरी-फरवरी माह में उन्होंने प्रगति यात्रा के दौरान सभी जिलों में जाकर विकास कार्यों को देखा और जो कमी रही उसे पूरा करने के लिए गोपालगंज जिले की सात योजनाओं की स्वीकृति दी गयी, जिन पर काम चल रहा है। इसे शीघ्र पूरा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मीरगंज बाजार के बाईपास का निर्माण कराया जा रहा है। गोपालगंज में बाईपास एवं रिंग रोड का निर्माण कराया जा रहा है। सारण तटबंध पर सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। देवरिया सड़क से जोड़ने के लिये बाईपास सड़क का निर्माण कराया जायेगा। दहा नदी पर पुल का निर्माण कराया जा रहा है। माँ थावे मंदिर का विकास एवं सौंदर्गीकरण किया जा रहा है।

श्री कुमार ने कहा कि गोपालगंज से सारण तक 4 लेन सड़क का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गोपालगंज जिले में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कर नये उद्योग लगाये जाएंगे। उन्होंने कहा कि डेयरी को बढ़ावा देने के लिए जिले के शेष एक हजार 566 गांवों में दूध उत्पादन समितियों का गठन तथा सभी 234 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केन्द्र खोला जायेगा। सभी 14 प्रखण्डों में आदर्श विद्यालय तथा डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी। उन्होंने कहा कि सभी 14 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को विशिष्ट अस्पताल तथा गोपालगंज सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल बनाया जायेगा।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि गोपालगंज जिले में खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जायेगी। उन्होंने कहा कि सबका सम्मान-जीवन आसान निश्चय के तहत कठिनाइयों को दूर कर लोगों के लिए सरकारी सुविधाएं प्राप्त करना आसान बनाया जायेगा।उन्होंने कहा कि इन कामों से जिले का पूरे तौर पर विकास होगा। केन्द्र सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। अब बिहार बहुत आगे बढ़ेगा और देश के विकसित राज्यों में शामिल हो जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित