अपराध थावे माता चोरीगोपालगंज,18,दिसंबर (वार्ता) बिहार के गोपालगंज जिले में स्थित ऐतिहासिक और प्रसिद्ध सिद्धपीठ थावे माता मंदिर से अपराधियों ने मां की मूर्ति में सुशोभित सोने का हार और मुकुट की चोरी कर ली है।

पुलिस सूत्रों ने गुरूवार को बताया कि इस बात की जानकारी आज सुबह मिली, जब भक्त माता के दर्शन के लिए मंदिर के लिये पहुंचे। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक (एसपी) अवधेश दीक्षित और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ( एसडीपीओ) प्रांजल ने स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद यह पता लगा कि दो चोरों ने घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के अनुसार दो चोर मंदिर के पिछले हिस्से से प्रवेश कर गए थे और उन्होंने मंदिर के द्वार पर लगे ग्रिल को कटर से काट कर गर्भ गृह में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि चोरो ने मां की मूर्ति के गले में मौजूद हार और सिर पर बिराजमान मुकुट की चोरी की है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर शीघ्र ही चोरों की पहचान कर चोरी का समान बरामद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंदिर की सुरक्षा के लिए तैनात चौकीदार और पुलिस जवान की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि माँ थावे माता का यह स्थान एक सिद्धपीठ है।

एक लोककथा के अनुसार देवी दुर्गा यहाँ कामख्या (असम) से भक्त रहषु भगत के बुलावे पर आईं थीं। यही कारण है कि इन्हें माँ कामाख्या के रूप में भी पूजा जाता है। मंदिर परिसर में एक अनोखा वृक्ष है, जिसका जैव-वैज्ञानिक परिवार अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है। यह मंदिर शक्ति की उपासना का प्रमुख स्थान है और भक्तों का मानना है कि यहाँ ध्यान एवं पूजन से उनकी इच्छाएँ पूरी होती हैं। नवरात्रि, चैत्र (मार्च-अप्रैल) तथा अन्य धार्मिक अवसरों पर यहाँ बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं और भजन-कीर्तन, आरती, एवं जागरण का आयोजन होता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित