जयपुर , मार्च 13 -- गोदरेज इंडस्ट्रीज़ ग्रुप की वित्तीय सेवाओं से जुड़ी कंपनी गोदरेज कैपिटल अपनी सहायक कंपनी गोदरेज हाउसिंग फाइनेंस के माध्यम से राजस्थान में अगले महीने अप्रैल से अपनी सेवा का विस्तार करेगी।

गोदरेज कैपिटल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनीष शाह ने शुक्रवार को यहां मीडिया को यह जानकारी दी। उ्होंने बताया कि कंपनी ने किफायती हाउसिंग फाइनेंस क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया है और अपनी क्षेत्रीय विकास रणनीति के तहत कंपनी का लक्ष्य वित्त वर्ष 2027 तक राजस्थान में 100 करोड़ रुपए का हाउसिंग फाइनेंस एसेट अंडर मैनेजमेंट (एयूएम) तैयार करना है। इसके साथ ही राज्य के उभरते हुए हाउसिंग बाजारों में कंपनी की उपस्थिति को और मजबूत किया जाएगा।

श्री शाह ने बताया कि इस विस्तार के तहत कंपनी जयपुर में दो कार्यालय स्थापित करेगी, जिससे राजस्थान के किफायती हाउसिंग फाइनेंस बाजार में उसका प्रवेश होगा। इसके बाद कंपनी जोधपुर, सीकर और भीलवाड़ा जैसे शहरों में भी विस्तार करेगी। अगले दो वर्षों में कंपनी राजस्थान में अपनी मौजूदगी बढ़ाकर कुल 10 शाखाओं तक ले जाने का लक्ष्य रखती है।

यह विस्तार कंपनी के 'डिजिटल-फर्स्ट' दृष्टिकोण (यानी तकनीक का अधिक उपयोग) पर आधारित होगा, जिससे होम लोन की मंजूरी आसान और तेज़ हो जाएगी। इन स्थानों का चयन तेजी से विकसित हो रहे शहरी और अर्ध-शहरी बाजारों में घरों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए रणनीतिक रूप से किया गया है।

किफायती आवास की बढ़ती मांग - टियर 2 और टियर 3 शहरों में होम लोन की बढ़ती मांग के बीच यह शुरुआत की गई है। राजस्थान में बढ़ते शहरीकरण, बुनियादी ढांचे के विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और सरकारी प्रोत्साहनों के कारण लोग अपना घर खरीदने के लिए उत्साहित हैं। जोधपुर, सीकर और भीलवाड़ा जैसे शहरों में किफायती और मध्यम आय वाले घरों की मांग विशेष रूप से अधिक है, जिसे पहली बार घर खरीदने वाले लोग, स्वरोजगार करने वाले पेशेवर और छोटे व्यवसायी बढ़ावा दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि "राजस्थान हमारे लिए एक मजबूत विकास अवसर प्रस्तुत करता है। जयपुर, जोधपुर, सीकर और भीलवाड़ा जैसे शहरों में तेजी से शहरीकरण हो रहा है, बुनियादी ढांचा बेहतर हो रहा है और घर खरीदने की इच्छा रखने वाले लोगों की संख्या भी बढ़ रही है। इसके बावजूद इन बाजारों में मध्यम आय वर्ग के अनेक परिवारों के लिए औपचारिक हाउसिंग फाइनेंस तक पहुंच अभी भी चुनौती बनी हुई है। हमारे किफायती हाउसिंग फाइनेंस ऑफर के माध्यम से हमारा लक्ष्य इस अंतर को कम करना है। हम लोगों को सुलभ, पारदर्शी और ग्राहक-केंद्रित लोन समाधान उपलब्ध कराकर उन्हें अपने घर के सपने को साकार करने में मदद करना चाहते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित