गोण्डा, जनवरी 30 -- उत्तर प्रदेश में देवीपाटन परिक्षेत्र में दुर्घटनाओं के मामलों के प्रारम्भिक जांच में अनियमिताओं व भ्रष्टाचार के प्रथमदृष्टया दोषी पाये जाने पर एक निरीक्षक और बारह उपनिरीक्षकों को शुक्रवार को आईजी ने तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर विभागीय जांच के आदेश दिये है।

पुलिस महानिरीक्षक अमित पाठक ने बताया कि परिक्षेत्र में सड़क दुर्घटना मामलों की विवेचना में भ्रष्टाचार और गंभीर अनियमितताओं की बीमा कंपनियों द्वारा की गयी शिकायत पर गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) की रिपोर्ट के बाद जनपद गोंडा, बहराइच और श्रावस्ती में कुल 13 प्रकरणों में गड़बड़ियां सामने आईं, जिसके आधार पर 1 निरीक्षक और 12 उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं गैर जिलों में स्थानांतरित हुये तीन अन्य उपनिरीक्षकों के विरुद्ध निलंबन व विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित