गोण्डा, दिसम्बर 20 -- उत्तर प्रदेश में गोण्डा जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के परसपुर मोड़ पर एक मंदिर की खुदाई में निकले प्राचीन चांदी के सिक्कों को लूटने वाले पीएसी जवान समेत छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि फर्जी एसटीएफ अफसर बनकर लूटने वाले एक पीएसी जवान समेत छह आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को लूटे गये करीब बीस लाख कीमत के 431 प्राचीन सिक्कों,नकली एसटीएफ आईडी और एक कार संग गिरफ्तार कर लिया ।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि गत 17 दिसम्बर को ठाकुरापुर गांव में बाबा कुटी मंदिर के निर्माण को लेकर जेसीबी से खुदाई कराई जा रही थी कि इसी दौरान गड्ढ़े में दबा 509 चांदी के पुराने सिक्कों से भरा एक कलश निकला जिसे बगैर किसी को जानकारी दिये महंत उपेंद्र सिंह उर्फ उपेंद्र बाबा ने चुपचाप अपने पास रख लिया और जेसीबी चालक गोलू को खुदाई से मना कर कार्य रुकवा दिया लेकिन सिक्कों के बारे में जानकारी हो जाने के कारण चालक गोलू की नीयत भी ख़राब हो गयी और उसने खुदाई में निकले 1860, 1880, 1901 समेत अन्य सत्रों के प्राचीन सिक्कों को लूटने की योजना ठेकेदार हरिओम दुबे ,पीएसी जवान आलोक शुक्ला,पीआरडी जवान प्रदीप तिवारी,त्रिलोकी नाथ पांडेय ,प्रिंस,राहुल और मनोज संग मिलकर बनायी l एसपी ने बताया कि आरोपियों ने फर्जी एसटीएफ टीम बनाकर गत 18 दिसम्बर को परसपुर मोड़ के पास महंत की कार रोक ली और नकली आईकार्ड दिखाते हुये उसे डरा-धमका कर चांदी के सिक्के हड़प लिये। लुटने के बाद महंत ने पूरे मामले की शिकायत देहात कोतवाली में दर्ज करायी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुये गठित पुलिस टीम ने मामले में पीएसी जवान समेत छह आरोपियों को छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया जबकि फरार पीआरडी जवान की तलाश में पुलिस जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित