गोंडा , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले में खोड़ारे थाना क्षेत्र के कूकनगर ग्रांट भरपुरवा स्थित रतन ईंट भट्ठे के पास रविवार को ईंट गिराते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हुए हादसे में एक श्रमिक की जलकर मृत्यु हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र के बेलहरिया गांव निवासी राकेश कुमार उर्फ धन्नू (35) ईंट भट्ठे पर ईंट गिराने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और ट्रैक्टर की टंकी से डीजल बहने लगा।

भट्ठे से उठ रही चिंगारी की चपेट में आते ही डीजल ने आग पकड़ ली, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगी। हादसे के समय राकेश ट्रैक्टर के नीचे दब गए थे। जब तक उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया गया, तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुके थे और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से शव को बाहर निकलवाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित