चंडीगढ़ , मार्च 14 -- रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और गैस आपूर्ति में आ रही दिक्कतों के विरोध में चंडीगढ़ महिला कांग्रेस ने बापूधाम कॉलोनी स्थित वाल्मीकि धर्मशाला के सामने केंद्र सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लकी ने किया।

प्रदर्शन का आयोजन महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सुमनलता वैद्य के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कॉलोनीवासियों, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी और आपूर्ति की कमी को लेकर नाराजगी जतायी।

श्री लकी ने कहा कि केंद्र सरकार एक ओर गैस की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर सिलेंडर के दामों में 60 रुपये की बढ़ोतरी कर आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाला गया है। उन्होंने कहा कि पहले से महंगाई झेल रही जनता के लिए यह फैसला और परेशानी बढ़ाने वाला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अब गैस सिलेंडर के लिए लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है और डिलीवरी का इंतजार भी बढ़ गया है। उन्होंने प्रशासन से गैस की कालाबाजारी रोकने और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित