रायसेन , मार्च 14 -- मध्यप्रदेश के रायसेन-सागर मार्ग स्थित एक गैस एजेंसी के बाहर सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने आज शनिवार को सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया।

जानकारी के अनुसार सुबह से बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस एजेंसी के बाहर सिलेंडर लेने के लिए कतार में लगे हुए थे, लेकिन लंबे समय तक वितरण नहीं होने से लोगों में आक्रोश फैल गया और सैकड़ों उपभोक्ताओं ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। उनका कहना था कि वे सुबह से घर का काम छोड़कर एजेंसी पर खड़ी हैं, लेकिन गैस नहीं मिलने से घर में चाय और भोजन तक नहीं बन पाया।

सूचना मिलने पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मनीष शर्मा और तहसीलदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने एजेंसी संचालक को फटकार लगाते हुए बंद शटर खुलवाया और तुरंत गैस सिलेंडरों का वितरण शुरू कराने के निर्देश दिए। एजेंसी संचालक ने देरी का कारण भोपाल से आ रहे सिलेंडर ट्रक के रास्ते में पंक्चर होना बताया। चक्काजाम के कारण सागर रोड पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित