भोपाल , फरवरी 4 -- विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर भोपाल गैस पीड़ितों के लिए काम करने वाली संस्था सम्भावना ट्रस्ट क्लिनिक ने जानकारी दी कि 1984 के यूनियन कार्बाइड गैस हादसे से प्रभावित आबादी में कैंसर की दर, गैस से अपीड़ित नहीं हुई आबादी की तुलना में लगभग 13 गुना अधिक है। आँकड़ों के अनुसार गैस पीड़ित महिलाओं की तुलना में गैस पीड़ित पुरुषों में कैंसर की दर अधिक पाई गई है। इसके साथ ही गैस पीड़ित आबादी में खून, फेफड़े और गले के कैंसर के मामले सबसे अधिक सामने आए हैं।
सम्भावना ट्रस्ट क्लिनिक की सामुदायिक स्वास्थ्य सर्वेक्षण इकाई के सदस्य राधे लाल नापित ने बताया कि सर्वे के तहत 21,276 गैस पीड़ितों और 25,528 गैर-गैस पीड़ित व्यक्तियों के स्वास्थ्य से संबंधित आंकड़े एकत्र किए गए, जिनकी आय और शिक्षा का स्तर समान था। उन्होंने बताया कि कैंसर से जुड़े ये आंकड़े उन व्यक्तियों के हैं, जिनमें वर्ष 1992 से 2012 के बीच कैंसर का पता चला था और अधिकांश मामलों के मेडिकल रिकॉर्ड क्लिनिक के पास उपलब्ध हैं।
घर-घर जाकर आंकड़े एकत्र करने वाली टीम की सदस्य फरहत जहाँजो ने बताया कि गैस पीड़ित आबादी में कैंसर की दर प्रति एक लाख जनसंख्या पर 1569.84 है, जबकि गैर-गैस पीड़ित आबादी में यह दर प्रति एक लाख पर 117.52 है। उन्होंने बताया कि गैस पीड़ित पुरुषों में कैंसर की दर 14.92 गुना और गैस पीड़ित महिलाओं में 12.22 गुना अधिक पाई गई है।
सर्वे टीम के सदस्य चन्द्रशेखर साहू ने कहा कि यूनियन कार्बाइड हादसे के पीड़ितों में कुछ विशेष प्रकार के कैंसर अधिक आम हैं। उन्होंने बताया कि गैस पीड़ित आबादी में खून के कैंसर की दर गैर-गैस पीड़ित आबादी की तुलना में 21.6 गुना अधिक है, जबकि फेफड़े और गले के कैंसर की दर क्रमशः 28.78 गुना और 33.86 गुना अधिक पाई गई है।
टीम की सदस्य संतोष क्षत्रिय ने बताया कि गैस पीड़ितों से संबंधित जानकारी जयप्रकाश नगर, कैंची छोला, काज़ी कैंप और यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री से तीन किलोमीटर के दायरे में आने वाले इलाकों से एकत्र की गई, जबकि गैर-गैस पीड़ितों की जानकारी अन्ना नगर, भीम नगर और वल्लभ नगर से ली गई, जो फैक्ट्री से आठ किलोमीटर से अधिक दूरी पर स्थित हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 1996 में स्थापित सम्भावना ट्रस्ट क्लिनिक भोपाल में यूनियन कार्बाइड हादसे के पीड़ितों को निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित