जयपुर , मार्च 12 -- राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा है कि गैस की कमी के कारण प्रदेश के अनेक उद्योगों पर संकट खड़ा हो गया है और सरकार को इस समय बेरोजगार हुये लोगों को राहत के लिये पैकेज, संकट में आये उद्योगों के बिजली के बिलों में छूट तथा रिफाईनरी को तुरंत प्रभाव से प्रारम्भ कर देनी चाहिए।
श्री डोटासरा ने गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता में सरकार से यह मांग की। उन्होंने कहा कि गैस की कमी के चलते प्रदेश में उद्योगों पर संकट के हालात बन गये हैं और कपड़ा उद्योग, सिरेनिक हैण्डीक्राफ्ट, सरिया, पर्यटन, सीमेंट, फर्टीलाईजर जैसे उद्योगों में उत्पादन में भारी गिरावट आई है और यदि समय पर एलपीजी आपूर्ति नहीं की गई तो यह व्यवसाय ठप्प हो जायेंगे।
उन्होंने कहा कि जयपुर जिले में ही बोरोसिल फैक्ट्री बंद होने से तीन हजार मजदूर बेरोजगार हो गये हैं। प्रदेश में पेट्रोल और डीजल का भी संकट हो सकता है। राजस्थान में रिफाईनरी बन चुकी है लेकिन प्रधानमंत्री इसे प्रारम्भ करने का समय नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश को इस संकट से निकालने के लिये रिफाईनरी तुरंत प्रभाव से प्रारम्भ होनी चाहिये। सरकार को इस समय जो लोग बेरोजगार हुये हैं, उन्हें राहत के लिये पैकेज देना चाहिये, जिन उद्योगों के व्यवसाय पर संकट खड़ा हुआ है उन्हें राहत देनी चाहिये, बिजली के बिलों में छूट देनी चाहिये। जिनके परिवार में विवाह है उन्हें अविलम्ब व्यवसायिक गैस सिलेण्डर उपलब्ध करवाना चाहिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित