हरिद्वार , मार्च 21 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और घटतौली पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला पूर्ति विभाग की टीम ने शनिवार को छापेमारी कर कम गैस पाए जाने पर 18 सिलेंडर जब्त किए हैं, जबकि दो वाहन चालकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किसी भी दशा में न हो और यदि कहीं भी घटतौली या कालाबाजारी की शिकायत मिलती है तो तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए। इसी क्रम में जिला पूर्ति विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राकृतिक गैस (आपूर्ति विनियमन) आदेश 2026 के अनुपालन में विभागीय टीम ने क्षेत्र में निरीक्षण किया। इस दौरान रोशनाबाद स्थित सत्य इंडेन गैस सर्विस के दो वाहनों को नवोदय नगर चौक पर जांचा गया।
जांच में दोनों वाहनों में कुल 68 घरेलू गैस सिलेंडर पाए गए। वजन कराने पर इनमें से 18 सिलेंडर मानक से कम निकले। टीम ने तत्काल सभी 18 सिलेंडरों को जब्त कर शिवालिक नगर स्थित श्री बालाजी भारत गैस सर्विस की सुपुर्दगी में दे दिया।
मामले में वाहन चालक विकास कुमार एवं नवीन कुमार निवासी जगजीतपुर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही गैस एजेंसी संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई भी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित