टिहरी , मार्च 29 -- उत्तराखंड में टिहरी जनपद में एलपीजी गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन सतर्क नजर आ रहा है। रविवार को जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गैस आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित न हो और कालाबाजारी व जमाखोरी पर सख्ती से कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार डोभाल को शासन और गैस एजेंसियों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आमजन से अपील की कि घबराहट में अनावश्यक गैस बुकिंग न करें, जनपद में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि हाल ही में जनपद में 2497 घरेलू एलपीजी सिलेंडर प्राप्त हुए, जबकि 2724 सिलेंडरों का वितरण किया गया। वर्तमान में एजेंसियों के पास 4023 सिलेंडर स्टॉक के रूप में उपलब्ध हैं।
व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति भी सुचारू रूप से जारी है। जनपद को प्रतिदिन 212 व्यावसायिक सिलेंडरों का आवंटन मिल रहा है, जिसका श्रेणीवार वितरण सुनिश्चित किया गया है।
एलपीजी आपूर्ति की निगरानी के लिए गठित त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) लगातार निरीक्षण कर रहा है। अब तक गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों, होटलों और अन्य प्रतिष्ठानों में 414 निरीक्षण किए जा चुके हैं, जिनमें 14 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित