गोरखपुर , मार्च 11 -- गोरखपुर के जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा है कि जिले में रसोई गैस की कोई किल्लत नहीं है और यदि कोई रसोई गैस की कमी को लेकर अफवाह फैलाई या अफवाह की आड़ में कालाबाजारी की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे रसोई गैस की किल्लत की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही अनावश्यक स्टॉक करने की होड़ में शामिल हों। नियमानुसार हर ग्राहक को रसोई गैस सिलिंडर प्राप्त हो। उन्होने बताया कि बुकिंग.डिलीवरी में ओटीपी की व्यवस्था रसोई गैस की सुचारू आपूर्ति के लिए बनाई गई है पर जरूरत इस बात की है कि लोग पैनिक बुकिंग या होल्डिंग से बचें।

उन्होंने कहा कि जिले की सभी गैस एजेंसियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि कहीं भी रसोई गैस का कृत्रिम अभाव नहीं दिखना चाहिए। उन्होंने कहा है कि यदि एजेंसियों से या बिचौलियों की तरफ से रसोई गैस कालाबाजारी किए जाने का कोई मामला प्रकाश में आया तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

जिलाधिकारी ने एडीएम सिटी को निर्देश दिया कि जनपद की सभी गैस एजेंसियों पर पर्याप्त संख्या में नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएं ताकि वितरण व्यवस्था पर निगरानी रखी जा सके और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता न होने पाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित