चमोली , फरवरी 13 -- कांग्रेस ने उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैण में आयोजित होने वाले आगामी बजट सत्र को 21 दिनों की समयावधि तक आयोजित करने की मांग की है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर शुक्रवार को चमोली कांग्रेस कमेटी ने जिला अध्यक्ष सुरेश डिमरी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी भूषण को जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन दिया।

कांग्रेस ने कहा उत्तराखण्ड विधानसभा का बजट सत्र आयोजित होना है। देश के अन्य राज्यों की विधानसभाओं की तुलना में उत्तराखण्ड विधानसभा के सत्र बहुत कम समय के लिए आहूत किए जाते हैं। जिससे राज्य की जनता से संबंधित महत्वपूर्ण प्रश्न राज्य के सर्वोच्च सदन के सामने नहीं आ पाते हैं।

कांग्रेस ने यह भी कहा राज्य में भ्रष्टाचार, महिलाओं पर उत्पीड़न बढते हुए अपराध, वन्यजीवों के कारण मानव हानि, सरकारी जमीनों को चहेतों को बंदरबांट आदि कई ज्वलंत और तत्कालिक महत्व के मुद्दे हैं। जिन सभी पर विधानसभा में चर्चा होनी आवश्यक है।

इन सभी प्रश्नों के उत्तर के लिए राज्य विधानसभा का बजट सत्र कम से कम तीन सप्ताह की समयावधि के लिए आहूत किया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित