रामनगर , मार्च 07 -- उत्तराखंड के गैरसैंण में आगामी 10 मार्च को होने वाले विधानसभा सत्र के घेराव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में गैरसैंण पहुंचकर विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।
रामनगर स्थित कांग्रेस कार्यालय में आज आयोजित इस बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मौजूदा सरकार के खिलाफ जनता में भारी आक्रोश है और इसी को लेकर कांग्रेस 10 मार्च को गैरसैंण में होने वाले विधानसभा सत्र का घेराव कर अपना विरोध दर्ज कराएगी।
पूर्व विधायक रावत ने कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था से आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन की सरकार के बावजूद प्रदेश के लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है और जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी 10 मार्च को गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान प्रदर्शन कर सरकार को जनता की समस्याओं से अवगत कराएगी, इसके लिए प्रदेशभर में पार्टी कार्यकर्ताओं को लामबंद किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित