देहरादून , फरवरी 21 -- उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैण के भराणीसैण में नौ मार्च से शुरू विधानसभा (विस) का बजट सत्र शुरू होने वाला है। इसको लेकर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण ने शनिवार को देहरादून स्थित विस भवन में तैयारियों की समीक्षा की।

प्रस्तावित पांच दिवसीय सत्र की तैयारियों संबंधित इस बैठक में श्रीमती भूषण ने विधानसभा सचिवालय और पुलिस विभाग को सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विस की गरिमा और सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि सत्र अवधि में विस के कर्मचारी भी बिना विधिवत जारी वाहन प्रवेश पत्र के परिसर में अपने वाहन प्रवेश नहीं कर सकेंगे। विधायकों की संस्तुति पर एक तथा मंत्रियों की संस्तुति पर अधिकतम दो आगंतुकों को ही प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे, जिससे अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।

अध्यक्ष ने सत्र के दौरान विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को सदन की कार्यवाही देखने के आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने और संसदीय परंपराओं से परिचित होने का यह एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। इससे विद्यार्थियों को न केवल विधान प्रक्रिया की जानकारी मिलेगी, बल्कि उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।

बैठक में यह भी तय किया गया कि सत्र की कार्यवाही की वीडियो रिकॉर्डिंग और वेबकास्टिंग सूचना तथा लोक संपर्क विभाग तथा आईटी विकास अभिकरण द्वारा की जाएगी, ताकि आमजन भी पारदर्शिता के साथ सदन की कार्यवाही से जुड़ सकें। सत्र के दौरान आपात परिस्थितियों से निपटने को अग्निशमन दल के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। चिकित्सा विभाग को आवश्यक चिकित्सा दल, पर्याप्त दवाइयों एवं एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित