चंडीगढ़ , जनवरी 28 -- पूर्व शिक्षा मंत्री और विधायक परगट सिंह ने बुधवार को पंजाब सरकार के 'वॉर एंगेस्ट गैंगस्टर' पर तंज कसते हुए कहा कि पुलिस गैंगस्टरों को ढूंढने के लिए मारी मारी फिर रही है और गैंगस्टर खुलेआम पुलिस के घर में आकर हत्या करके चले जाते हैं।
श्री सिंह ने सवाल उठाया कि सबसे सुरक्षित माने जाने वाले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय मोहाली में अगर हत्या हो सकती है तो राज्य के आम लोग कहां सुरक्षित रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य कानून व्यवस्था बुरी तरह से बिगड़ चुकी है और काबू कर पाना या सुधार पाना अब आम आदमी पार्टी (आप) और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के बस की बात नहीं रही। अपराधी अब पुलिस और सरकार को खुलेआम उनके घर आकर चुनौती दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह पहले ही कह चुके हैं कि आप कानून व्यवस्था बनाए रखने में शुरू से ही असफल साबित हुई है। यह पार्टी सिर्फ इवेंट क्रिएट करती है और इस बार भी उन्होंने पंजाब के लोगों को मूर्ख बनाने के लिए गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई का इवेंट क्रिएट किया है। उन्होंने कहा कि 12000 पुलिस मुलाजिमों की 2000 टीमें लगाकर गैंगस्टरों को खत्म करने की बात करने वाली सरकार बताए कि आखिर यह कौन से गैंगस्टर हैं जो बिना किसी डर के वारदातों को खुलेआम अंजाम दे रहे हैं। उनमें पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है।
पूर्व शिक्षा मंत्री ने कहा कि एसएसपी दफ्तर में जहां हथियारबंद पुलिस मुलाजिमों की फौज तैनात हैं और वहां आकर हत्या करके फरार हो जाना सरकार के मुंह और उनकी मुहिम को गैंगस्टरों का तमाचा है। सवाल यह भी खड़ा होता है कि आखिर पुलिस ने वारदात को अंजाम दे रहे इन गैंगस्टरों पर जवाबी कार्रवाई क्यों नहीं की? यह पुलिस की नाकामी को दर्शाता है। उच्च न्यायालय की तरफ से एसएसपी मोहाली को तलब किया जाना भी सरकार की असफलता को साबित करता है।
श्री सिंह ने कहा कि आप सरकार की इस मुहिम के बावजूद गैंगस्टरों की तरफ से फिरौती मांगें जाना और हत्याएं करने का सिलसिला थमा नहीं है। उल्टा यह बढ़ता जा रहा है। आज सुबह ही डेरा बाबा नानक में एक मशहूर कैमिस्ट शॉप के मालिक को गोलियां मार कर मौत के घाट उतार दिया जाता है। इससे भी फिरौती मांगी गई थी और एक बार पहले भी हमले की कोशिश की गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित