चंडीगढ़ , मार्च 28 -- श्री अभय सिंह चौटाला की अगुवाई में इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को राज्यपाल से मुलाकात कर गेहूं खरीद केंद्र शुरू करने और किसानों को आ रही समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।
श्री चौटाला ने आरोप लगाया कि सरकार ने गेहूं खरीद प्रक्रिया में ट्रैक्टर-ट्रॉली नंबर, गेट पास, बायोमेट्रिक सत्यापन और नॉमिनी जैसी नयी शर्तें लागू कर दी हैं, जिससे किसानों को दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि गेट पास की समय सीमा 24 घंटे होनी चाहिए, क्योंकि फसल रात में मंडियों में पहुंचती है।
उन्होंने बताया कि 12 मार्च को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खरीद केंद्र बंद न करने और लाइसेंस नवीनीकरण का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांगकी गयी है।
श्री चौटाला ने घोषणा की कि इनेलो मंडियों में 'किसान कष्ट निवारण केंद्र' स्थापित करेगी, जहां किसानों की समस्याएं सुनी जाएंगी और अधिकारियों तक पहुंचाई जाएंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें न मानी गयीं तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित