भोपाल , मई 5 -- मध्यप्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीदी में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर दिए गए अपने बयान में कहा कि प्रदेश में गेहूं खरीदी प्रक्रिया में अव्यवस्थाएं खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान तेज धूप में खरीदी केंद्रों के बाहर खड़े रहने को मजबूर हैं, जबकि कभी सर्वर डाउन होने और कभी स्लॉट नहीं मिलने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जहां एक ओर किसान अपना गेहूं बेचने के लिए परेशान है, वहीं दूसरी ओर राशन कोटे का पुराना गेहूं नई बोरियों में भरकर खपाया जा रहा है। श्री कमलनाथ ने सरकार पर बिचौलियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकारी खरीदी में बड़े पैमाने पर हो रही कथित गड़बड़ियों और किसानों के साथ अन्याय के खिलाफ पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित