मथुरा , फरवरी 6 -- मथुरा शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस में दो युवकों के साथ एक नाबालिग लड़की मिलने के मामले में पुलिस ने समुदाय विशेष के दो युवकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई अखिल भारत हिंदू महासभा से जुड़े पदाधिकारियों की सूचना पर की गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार गेस्ट हाउस में ठहरे युवक कथित रूप से लड़की को बालिग दर्शाकर कमरा लिए हुए थे। आरोप है कि इसके लिए आधार कार्ड का उपयोग किया गया, जिसकी सत्यता की जांच की जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की।

बताया जा रहा है कि लड़की महाराष्ट्र के नागपुर की निवासी है और वहां उसके संबंध में पहले से मामला दर्ज है। मथुरा पुलिस ने नागपुर पुलिस से संपर्क कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी साझा की है। संबंधित पुलिस टीम के मथुरा पहुंचकर आगे की कार्रवाई करने की संभावना है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि प्रकरण की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है, जिसमें दस्तावेजों की सत्यता, लड़की की आयु तथा अन्य परिस्थितियां शामिल हैं। जांच के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित