पटना , अप्रैल 01 -- िन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने बुधवार को कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किया है। श्री सुमन ने कहा कि पिछले वर्षों में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हिंसक घटनाओं में स्पष्ट कमी आई है, जो सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति, सशक्त नीति और प्रभावी कार्ययोजना का परिणाम है।
श्री सुमन ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार ने यह सिद्ध किया है कि सुरक्षा और विकास एक-दूसरे के पूरक हैं। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा रोजगार के क्षेत्र में किए गए व्यापक कार्यों ने प्रभावित क्षेत्रों में न केवल विकास को गति दी है, बल्कि आमजन के जीवन में विश्वास और स्थिरता भी स्थापित की है।
श्री सुमन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सहित कुछ राजनीतिक दल तथ्यों की अनदेखी कर भ्रामक प्रचार करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि केंद्र सरकार ने संवाद, विकास तथा आवश्यकतानुसार कठोर कार्रवाई,इन सभी उपायों का संतुलित रूप से प्रयोग किया है। गृहमंत्री ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्र की सुरक्षा सर्वोपरि है तथा इसके साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की नीतियाँ देश को शांति, स्थायित्व एवं समग्र विकास की दिशा में अग्रसर कर रही हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता का बढ़ता विश्वास इस बात का प्रमाण है कि सरकार सही दिशा में कार्य कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित