पटना , दिसंबर 20 -- बिहार में गुड़ उत्पादन इकाइयों को स्थापित करने के लिये गन्ना उद्योग विभाग ने ऑनलाइन आवेदन की तारीख बढ़ा दी है और इच्छुक उद्यमी अब 25 दिसंबर तक इसे जमा कर सकेंगे।
प्रदेश में गुड़ उत्पादन को बढ़ावा देने के लिये सरकार ने बिहार राज्य गुड़ उद्योग प्रोत्साहन कार्यक्रम शुरू किया है, जिसमें गुड़ उत्पादन इकाईयों को स्थापित करने लिये गन्ना किसानों और निवेशकों को छह लाख से लेकर एक करोड़ तक का अनुदान दिया जा रहा है। इसके लिए गन्ना उद्योग विभाग ने सातवें चरण में 25 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि निर्धारित की थी, जिसे 25 दिसंबर तक बढ़ा दिया गया है।
विभाग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, विभिन्न पेराई क्षमता वाली गुड़ उत्पादन इकाईयों को पूंजी की लागत का 50 फीसदी तक का अनुदान देने का प्रावधान है, जिसमें पांच से 20 टन प्रतिदिन गन्ना पेराई की क्षमता वाले इकाईयों को अधिकतम छह लाख रुपये का अनुदान दिया जायेगा। इसी प्रकार 21 से 40 टन प्रतिदिन पेराई करने वाली इकाईयों को अधिकतम 15 लाख, 41 से 60 टन प्रतिदिन पेराई क्षमता वाली इकाईयों को अधिकतम 45 लाख और 60 टन से अधिक प्रतिदिन पेराई करने वाली इकाईयों को अधिकतम एक करोड़ रुपये का अनुदान दिया जायेगा। इच्छुक किसान और निवेशक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित