मुंबई , मार्च 06 -- अभिनेत्री गुलकी जोशी के लिये सोनी सब के आगामी शो 'हुई गुम यादें- एक डॉक्टर, दो ज़िंदगियाँ', में इक़बाल खान के साथ स्क्रीन शेयर करना बेहद निजी और भावनात्मक अनुभव रहा है।
सोनी सब का नया शो 'हुई गुम यादें- एक डॉक्टर, दो ज़िंदगियाँ', एक लोकप्रिय इटैलियन ड्रामा डॉक का रूपांतरण है, जो यादों, पहचान और दूसरे मौकों की कहानी को बेहद भावनात्मक अंदाज़ में पेश करता है। शो की कहानी डॉ. देव (इक़बाल खान) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक मशहूर डॉक्टर हैं। लेकिन, एक हादसे के बाद उनकी ज़िंदगी अचानक बदल जाती है और उनकी याददाश्त खो जाती है। जब वे वापस उस दुनिया में लौटते हैं, जो उनके बिना आगे बढ़ चुकी है, तो उन्हें अनजाने रिश्तों, पेशेवर उम्मीदों और उस अतीत का सामना करना पड़ता है, जिसे वे अब याद नहीं कर पाते। धीरे-धीरे वे फिर से समझते हैं कि असली मायने में डॉक्टर और इंसान होने का मतलब क्या है। इस कहानी में गुलकी जोशी भी अहम् किरदार निभा रही हैं, जो डॉ. देव की एक्स-वाइफ सृष्टि का रोल कर रही हैं। उनकी मौजूदगी शो की कहानी को और भावनात्मक गहराई देती है और अस्पताल के भीतर और बाहर बदलते रिश्तों को मज़बूती और नया नज़रिया देती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित