फगवाड़ा , जनवरी 19 -- गुरू रविदास मंदिर प्रबंधक समिति ने फगवाड़ा की अतिरिक्त उपायुक्त शिक्षा भगत और पुलिस अधीक्षक माधवी शर्मा को ज्ञापन सौंप कर श्री गुरु रविदास की 649वीं जयंती पर 31 जनवरी को आयोजित की जाने वाली शोभा यात्रा के सुचारू संचालन के लिए प्रशासनिक सहयोग और आवश्यक व्यवस्थाओं की मांग की।

ज्ञापन में समिति ने मांग की कि शोभा यात्रा के दिन फगवाड़ा की शुगर मिल को बंद रखा जाए, गन्ने की ट्रॉलियों की आवाजाही रोक दी जाए, विशाल मेगा मार्ट के पास चल रहे सीवरेज कार्य को अस्थायी रूप से रोक दिया जाए और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए।

वरिष्ठ पुलिस और नागरिक प्रशासन अधिकारियों ने समिति के साथ मार्ग योजना, यातायात नियमन और सुरक्षा उपायों पर चर्चा की और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। इससे पहले, गुरु रविदास मंदिर प्रबंधक कमेटी के नेताओं और सदस्यों की एक बैठक शिरोमणि श्री गुरु रविदास मंदिर, चक हकीम में कमेटी के अध्यक्ष दविंदर कुलथम के नेतृत्व में आयोजित की गई । बैठक में गुरु रविदास टाइगर फोर्स पंजाब के अध्यक्ष यश बरना के साथ-साथ प्रमुख स्थानीय नेता और कमेटी के सदस्य भी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सतगुरु की 649वीं जयंती से पहले, शनिवार, 31 जनवरी, 2026 को एक भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। रविदास पर्व जो एक फरवरी को पड़ता है, के अवसर पर शोभा यात्रा दोपहर 12 बजे शिरोमणि श्री गुरु रविदास मंदिर, चक हकीम से शुरू होगी और शुगर मिल फगवाड़ा, विशाल मेगा मार्ट, गोल चौक और हरगोबिंद नगर चौक से होते हुए वापस मंदिर में समाप्त होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित