चंडीगढ़ , दिसंबर 27 -- हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य, वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने शनिवार को नगर निगम गुरुग्राम द्वारा मालिबू टाउन क्षेत्र में कराये जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
इनमें अंडरग्राउंड वाटर टैंक का निर्माण, स्टारवुड एवं जीएस ब्लॉक और मालिबू टाउन वार्ड-11 में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का कार्य तथा सेंट्रल पार्क और स्टारवुड पार्क के विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर राव नरबीर सिंह ने कहा कि सभी विकास कार्यों को चरणबद्ध और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। सरकार नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा बताये गये आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाएगा। मालिबू टाउन को गुरुग्राम का हरियाली वाला क्षेत्र बताते हुए उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने जनभागीदारी का आह्वान करते हुए बताया कि गुरुग्राम में पॉलिथीन मुक्त पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। इसके बाद राव नरबीर सिंह ने सिख धर्म के दसवें गुरु गुरु गोबिंद सिंह जी के 359वें प्रकाश पर्व के अवसर पर सेक्टर-22 स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में मत्था टेका और प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन साहस, त्याग और मानवता की सेवा का प्रतीक है, जो समाज को सेवा और समानता की प्रेरणा देता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित