गुरुग्राम , अप्रैल 06 -- हरियाणा के गुरुग्राम सेक्टर-89 गुरुग्राम के सेक्टर-89 इलाके में स्थित चार फर्नीचर गोदामों में सोमवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते चारों गोदाम धुएं के गुबार में घिर गए।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

बताया जा रहा है कि सभी गोदाम पुराने और नए फर्नीचर से भरे हुए थे, जिससे आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि सटीक वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

इन गोदामों का संचालन अलग-अलग मालिकों द्वारा किया जा रहा था, जिनमें यूपी निवासी जैद खान सहित जावेद, शाद, नौशाद, जुबेर, जाहिर, असगर खान और शमशेर खान शामिल हैं। आग की चपेट में आने से गोदामों में रखा लाखों रुपये का फर्नीचर, लकड़ी और अन्य सामान जलकर स्वाह हो गया।

अग्निशमन अधिकारियों के अनुसार, लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग पर काबू पाने में काफी समय लग सकता है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी तरह के हताहत की सूचना नहीं है।

घटना के बाद पुलिस ने इलाके को घेर लिया और सड़क पर यातायात को डायवर्ट कर दिया गया है। पुलिस और फायर विभाग मिलकर आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित