सरगुजा, फरवरी 19 -- छत्तीसगढ के सरगुजा जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों से गुम हुए 525 मोबाइल फोन को पुलिस ने बरामद कर उनके असल मालिकों को वापस सौंप दिया। पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में साइबर सेल अंबिकापुर और समस्त थाना/चौकी पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई से यह सफलता मिली। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस टीम ने पिछले पांच माह में सर्विलांस तकनीक की मदद से इन मोबाइलों को ट्रैक किया। इससे पूर्व अगस्त 2025 में भी सरगुजा पुलिस 60 गुम मोबाइल बरामद कर मालिकों को सौंप चुकी है। गुरुवार 19 फरवरी 2026 को राजमोहनी भवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित नागरिकों के बीच ये मोबाइल वितरित किए। मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी और पुलिस की इस पहल की सराहना की गई।

अधिकतर मोबाइल भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों, सब्जी मंडियों, चौक-चौराहों, यात्रा के दौरान और मंदिरों के आसपास गुम हुए थे। पीड़ितों ने थाना-चौकी के अलावा केंद्र सरकार के सीईआईआर पोर्टल पर भी अपने मोबाइल गुम होने की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर मोबाइल ट्रैक किए और मालिकों तक पहुंचाया।

इस अवसर पर नागरिकों को संबोधित करते हुए पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि थोड़ी सी असावधानी और भूल से मोबाइल गुम हो जाता है, जो आज के समय में सबसे उपयोगी वस्तु है। उन्होंने बताया कि नागरिकों द्वारा मोबाइल गुमने की सूचना देने पर पुलिस त्वरित कार्रवाई करती है और अधिकतर मामलों में सफलता मिलती है, जिससे नागरिकों में संतुष्टि का भाव देखा जाता है। उन्होंने नागरिकों से भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने और शर्ट के अगले जेब में मोबाइल रखने से बचने की अपील की।

सरगुजा पुलिस ने आम जनता से यह भी अपील की है कि यदि मोबाइल गुम हो जाए तो तुरंत पुलिस को सूचित करें और सीईआईआर पोर्टल पर अनिवार्य रूप से रिपोर्ट दर्ज करें, ताकि ट्रैकिंग प्रक्रिया को सुगम बनाया जा सके। पुलिस ने भविष्य में भी इस तरह का अभियान जारी रखने और गुम हुए मोबाइल उनके असल मालिकों तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित