नरसिंहपुर , दिसम्बर 29 -- मध्यप्रदेश में नरसिंहपुर जिले के पुलिस थाना गोटेगांव क्षेत्र में एक गुमशुदा विकलांग युवक का शव नाले में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान देवमुरलीधर वार्ड अंतर्गत सरदार वर्डिया के बगीचा निवासी चन्नी यादव (35) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार चन्नी यादव 19 दिसम्बर से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों ने थाने में दर्ज कराई थी। सोमवार को बालाजी कॉलोनी स्थित एक नाले में उसका शव मिलने की सूचना मिली। शव की स्थिति खराब होने के कारण नगरपालिका कर्मचारियों द्वारा उसे उठाकर पोस्टमार्टम स्थल तक पहुंचाया गया।

सोमवार को मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। घटना स्थल से करीब 150 मीटर दूर मृतक की ट्राइसाइकिल भी बरामद हुई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि चन्नी यादव वहां किस कारण से पहुंचा था और घटना किन परिस्थितियों में हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित