रांची , मार्च 28 -- झारखंड के गुमला जिले के धनगांव में डायन बिसाही के आरोप में एक 45 वर्षीय महिला की कथित तौर पर हत्या कर दी गई।

शुक्रवार शाम पुलिस ने लापता मांगी देवी का शव करम टोंगरी पहाड़ से बरामद किया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। शनिवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मांगी देवी 24 मार्च से लापता थीं। उनके पति जोगी खड़िया और परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे उनके पुत्र विकास खड़िया ने करम टोंगरी के पास अपनी मां का शव देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोग लंबे समय से मांगी देवी पर डायन बिसाही (टोना-टोटका) का आरोप लगा रहे थे। उनका कहना है कि इसी अंधविश्वास के चलते उनकी हत्या की गई। आरोप है कि हत्यारों ने पहले मांगी देवी के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और फिर गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को पहाड़ से नीचे फेंक दिया गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि महिला का शव टोंगरी से बरामद हुआ है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित