नयी दिल्ली , जनवरी 28 -- दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार गुणवत्तापूर्ण, व्यावहारिक और भविष्य-उन्मुख शिक्षा को निरंतर बढ़ावा दे रही है।
श्री सूद ने आज यहां मोतीबाग स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय में आयोजित न्यू इरा ऑफ़ एंटरप्रेन्योरियल इकोसिस्टम एंड विजन (एनईईईवी) ज़ोनल लेवल इवेंट में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को उनके सराहनीय स्टार्टअप प्रयासों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार गुणवत्तापूर्ण, व्यावहारिक और भविष्य-उन्मुख शिक्षा को निरंतर बढ़ावा दे रही है। एनईईईवी कार्यक्रम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
श्री सूद ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में गिने-चुने स्टार्टअप थे, जबकि आज भारत में 2 लाख से अधिक स्टार्टअप सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। इसी सोच के अनुरूप, दिल्ली सरकार ने इस वर्ष एनईईईवी कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग दस करोड़ की वित्तीय सहायता प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि सरकार की एक अनूठी पहल है, जिससे अब तक 5 लाख से अधिक विद्यार्थी जुड़ चुके हैं। विद्यार्थियों ने केवल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग ही नहीं किया, बल्कि एआई आधारित प्रोटोटाइप विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया है। एआई पर होने वाली चर्चाएँ अब घरों और भोजन की मेज़ तक पहुँच चुकी हैं, जिससे बच्चों के आत्मविश्वास को नई उड़ान मिली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित