बागपत , दिसंबर 18 -- गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने किसानो से प्राकृतिक खेती के अपनाने का आह्वान करते हुये कहा कि रासायनिक तत्वों के अत्यधिक उपयोग से भूमि की उर्वरता लगातार नष्ट हो रही है और यदि यही स्थिति रही तो आने वाले 40 वर्षों में खेती योग्य भूमि नहीं बचेगी।इसलिए प्राकृतिक खेती को जीवन और कृषि दोनों के लिए अपनाना आवश्यक हैभारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती के उपलक्ष्य में गुरुवार को किशनपुर बराल में किसान सम्मान समारोह काे संबोधित करते हुये आचार्य देवव्रत ने कहा कि प्राकृतिक खेती से किसान स्वयं भी स्वस्थ रहेगा और उसकी उत्पादकता व आय में भी वृद्धि होगी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अस्मिता लाल की पहल पर प्रशासन और किसानों के संयुक्त प्रयास से तैयार "बागपत ब्लूम" ब्रांड का शुभारंभ राज्यपाल आचार्य देवव्रत एवं केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने किया। इस ब्रांड के माध्यम से बागपत के कृषि उत्पादों को "फील्ड टू मार्केट" मॉडल के तहत नई और व्यापक बाजार पहुंच मिलेगी, जिससे किसानों को उनके उत्पादों का बेहतर मूल्य प्राप्त हो सकेगा।

बागपत ब्लूम ब्रांड के अंतर्गत चिया बीज, अलसी के बीज, मोरिंगा पाउडर, पीली व काली सरसों का तेल, ऑर्गेनिक शहद, गुड़-शक्कर, गुड़ की डली, काला गुड़, खांडसारी, गाय का घी और सिरका जैसे उत्पाद शामिल किए गए हैं। ये सभी उत्पाद जनपद में गठित कृषि उत्पादक संगठनों (एफपीओ) द्वारा तैयार किए जा रहे हैं, जो अब बागपत की पहचान और स्वाद को राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित